BastarChhattisgarh

बस्तर में मातृशक्ति सम्मेलन से प्रियंका गांधी करेंगी कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत

नेहरू-गांधी परिवार का बस्तर और यहां के आदिवासियों से गहरा नाता रहा है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से लेकर राजनीति में सक्रिय रहे नेहरू गांधी परिवार के सभी सदस्य बस्तर का दौरा कर चुके हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा 13 अप्रैल को पहली बार यहां आ रही हैं। वे यहां मातृशक्ति सम्मेलन में सात जिलों की महिलाओं को संबोधित करेंगी। इस कार्यक्रम को कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। आयोजन में कांग्रेस की ओर यहां नेहरू-गांधी परिवार के बस्तर से जुड़े संस्मरणों की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है।

इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है। इस लिहाज से प्रियंका गांधी के प्रवास को अहम माना जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस अभी से पूरी ताकत झोंक रही है। महिला सम्मेलन में फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य आदिवासियों और बस्तर से नेहरू गांधी परिवार के संबंधों के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी देना है। प्रदर्शनी के लिए पुरानी तस्वीरों का संग्रह किया जा रहा है। लालबाग मैदान जहां पंडित जवाहर लाल नेहरू ने सम्मेलन को संबोधित किया था उसी स्थल के समीप प्रियंका गांधी के लिए मंच तैयार किया जा रहा है।

पंडित जवाहर लाल नेहरू इस परिवार के पहले सदस्य थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के तौर पर बस्तर का दौरा किया था। 13 मार्च 1955 को नेहरू तृतीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करने जगदलपुर आए थे। नेहरू गांधी परिवार से इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, संजय गांधी, मेनका गांधी, सोनिया गांधी व राहुल गांधी बस्तर आ चुके हैं। इनके प्रवास से जुड़ी तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

आजादी के बाद बस्तर में कांग्रेस के बड़े नेता रहे ग्राम बस्तर निवासी स्वर्गीय पंडित सूर्यपाल तिवारी के परिवार के सदस्य सेवानिवृत्त शिक्षक मणिशंकर तिवारी ने बताया कि नेहरू गांधी परिवार के सदस्यों के बस्तर दौरे की पुरानी तस्वीरें परिवार ने सहेजकर रखी है। उन्होंने कहा कि वे पंडित नेहरू को छोड़ अन्य सभी सदस्यों के दौरे के साक्षी रहे हैं। प्रियंका गांधी की सभा में भी तिवारी परिवार के सदस्य शामिल होंगे।

PRITI SINGH

Editor and Author with 5 Years Experience in INN24 News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button