
सक्ती/जैजैपुर। सक्ती जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैजैपुर वृत्त के ग्राम अरसिया में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 15.8 लीटर महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई ग्राम अरसिया वार्ड क्रमांक 7 निवासी विक्रम खूंटे के घर में की गई। तलाशी के दौरान रसोईघर में रखी प्लास्टिक बाल्टी से 34 पाउच में भरी कुल 6.8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
इसके बाद विभाग ने मिली सूचना के आधार पर विमल कुर्रे के घर में छापेमारी की। यहां एक प्लास्टिक पन्नी में रखे 45 पाउच से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
दोनों मामलों में कुल 15.8 लीटर महुआ शराब जब्त करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई सक्ती कलेक्टर के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल तथा आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






