Chhattisgarh

जगदलपुर में ‘भरोसे का सम्मेलन’ में प्रियंका गांधी:मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कीं, भूपेश बघेल समेत कैबिनेट के कई मंत्री मौजूद

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बस्तर पहुंचकर सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कीं। जगदलपुर के लाल बाग मैदान में ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम में पहुंच गई हैं। प्रियंका दिल्ली से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सीधे जगदलपुर पहुंची हैं। एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रियंका गांधी ने साथ मिलकर 128 करोड़ 99 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया है। कुल 49 विकास कार्यों जिसमें 62 करोड़ 29 लाख 47 हजार के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 66 करोड़ 70 लाख से अधिक राशि के 34 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

प्रियंका के दौरे को लेकर PCC चीफ मोहन मरकाम और आबकारी मंत्री कवासी लखमा पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कार्यक्रम में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, समेत कैबिनेट के ज्यादातर मंत्री और पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद हैं। बुधवार शाम से ही नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।

प्रियंका गांधी जगदलपुर एयरपोर्ट से सिटी कोतवाली-कुम्हारपारा सड़क से होते हुए लाल बाग मैदान पहुंचीं। सुरक्षा को लेकर बस्तर में 3 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। अन्य जिलों से भी जवानों को बुलाया गया है। IG समेत 6 से 7 IPS तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल से बाहर सड़क तक तीन लेयर में सुरक्षा का इंतजाम किया गया है।

छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि, उनके दौरे के बाद कांग्रेस पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हिस्सा लेंगी। प्रियंका के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस ने सभी तरह की तैयारी कर ली है।

PRITI SINGH

Editor and Author with 5 Years Experience in INN24 News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button