कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर सफर होगा आसान: बरसात से पहले गड्ढों से मिली मुक्ति, डामरीकरण का काम पूरा
सतपाल सिंह
कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर सफर होगा आसान: बरसात से पहले गड्ढों से मिली मुक्ति, डामरीकरण का काम पूरा

कोरबा। इस मानसून में कोरबा से कुसमुंडा आने-जाने वाले राहगीरों को जर्जर सड़कों और जानलेवा गड्ढों से बड़ी राहत मिलने जा रही है। वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही इस रूट की प्रमुख सड़कों का कायाकल्प कर दिया गया है। सर्वमंगला पुल और इमली छापर चौक पर डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है।

फोरलेन निर्माण के बावजूद सर्वमंगला पुल और इमली छापर चौक के पास सड़क की स्थिति बेहद खस्ताहाल थी। धूल और गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल था। अब SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) द्वारा गेवरा रोड स्टेशन से इमली छापर चौक होते हुए चर्च कॉम्प्लेक्स तक के व्यावसायिक मार्ग का नए सिरे से डामरीकरण कराया गया है। मजबूत बेस के साथ तैयार की गई इस सड़क पर डामर की मोटी परत चढ़ाई गई है। आपको बता दें यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क बनाने चक्काजाम आंदोलन के साथ साथ प्रदर्शन किए जिसके बाद यह संभव हो पाया।
भारी वाहनों का दबाव और जलभराव बड़ी चुनौती….
इस मार्ग पर डामरीकरण तो कर दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों के मन में अब भी एक संशय है। इस रूट पर चौबीसों घंटे 50-50 टन वजनी भारी कोयला गाड़ियां चलती हैं, जिनके नीचे कंक्रीट की मजबूत सड़कें भी उखड़ जाती हैं। ऐसे में यह नई डामर सड़क इस भारी दबाव को कब तक झेल पाएगी, यह देखना होगा। इसके अलावा, इमली छापर चौक पर हर साल होने वाले जलभराव से निपटने के लिए सड़क के किनारे नाली की खुदाई का काम भी तेजी से चल रहा है, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके।
इन प्रमुख हिस्सों का हुआ कायाकल्प
सर्वमंगला पुल: नगर निगम कोरबा द्वारा पुल के ऊपर और दोनों छोर पर बने खतरनाक गड्ढों को भरकर नया डामर चढ़ा दिया गया है। बीते दिन केबिनेट मंत्री व कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन व कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत द्वारा यहां निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया और कुछ ही दिन में सड़क का मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
बरमपुर मोड़: इस मोड़ के पास की सबसे ज्यादा खराब सड़क का भी डामरीकरण कर उसे पूर्व में ही दुरुस्त कर लिया गया था। इस पर भी मंत्री लखन लाल ने प्रमुखता से ध्यान देकर सड़क का मरम्मत कार्य करवा था।
व्यवसायिक मार्ग: गेवरा रोड स्टेशन से चर्च कॉम्प्लेक्स तक का सफर अब गड्ढा मुक्त हो चुका है। हालांकि स्टेशन से आगे सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
इसी महीने शुरू होंगे फोरलेन के ये अधूरे कार्य..
आने वाले दिनों में इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए फोरलेन के बचे हुए कार्यों को इसी महीने शुरू किया जा रहा है: –
नहर पर पुल: बरमपुर मोड़ के पास नहर के ऊपर एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा।
अंडरब्रिज निर्माण: 6 नंबर बैरियर के नीचे खुदाई करके एक सुरक्षित अंडरब्रिज बनाया जाएगा।
लक्ष्मण नाला पर ब्रिज: इमली छापर स्थित लक्ष्मण नाला पर एक नया ब्रिज तैयार किया जाएगा।
फोरलेन विस्तार: लक्ष्मण नाला से कुचेना मोड़ तक की सड़क को पूरी तरह फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। प्रशासन ने टेंडर प्रकिया पूर्ण कर वर्क ऑडर जारी कर दिया है
इन सभी निर्माण कार्यों के पूरा होने से कोरबा-कुसमुंडा मार्ग का सफर न सिर्फ सुरक्षित होगा, बल्कि समय की भी भारी बचत होगी।
ग्राउंड रिपोर्ट: सतपाल सिंह के साथ ओम गवेल, कोरबा।





