कनवेरी एनीकट में तैरती मिली लाश, क्षेत्र में सनसनी
शनिवार को मछली पकड़ने निकला था ग्रामीण, रविवार सुबह पुल के पास मिला शव जांच में जुटी उरगा पुलिस..

कोरबा (उरगा): कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनवेरी एनीकट में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान धरम धनवार (निवासी: परसाभवन) के रूप में की गई है।
मछली पकड़ने गया था मृतक
परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, धरम धनवार शनिवार को कनवेरी एनीकट क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह एनीकट पुल के पास उसकी लाश मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और पंचनामा कर मर्च्युरी भेज दिया है।
थाना प्रभारी का बयान:
“शव को एनीकट से बाहर निकाला जा रहा है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।”





