कुसमुंडा पुलिस का ‘चक्रव्यूह’: फेल हुआ जुआरियों का मुखबिर तंत्र, घेराबंदी कर 9 दबोचे
सतपाल सिंह
कुसमुंडा पुलिस का ‘चक्रव्यूह’: फेल हुआ जुआरियों का मुखबिर तंत्र, घेराबंदी कर 9 दबोचे
बस्ती में चल रहा था फड़, मौके से 37,600 रुपये नगद और ताश के पत्ते बरामद

कोरबा जिले में सजग कोरबा सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तेवारी के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले व दर्री सीएसपी के कुशल मार्गदर्शन में कुसमुंडा पुलिस ने रविवार को इमली छापर बस्ती में चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 37,600 रुपये नगद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। जुआरियों ने पुलिस से बचने के लिए मुख्य मार्ग पर बकायदा अपने ‘लोकेटर’ (मुखबिर) तैनात कर रखे थे, लेकिन इस बार पुलिस की फुलप्रूफ घेराबंदी के आगे उनका यह हाईटेक सूचना तंत्र पूरी तरह फेल हो गया।
मुखबिरों के दम पर बार-बार चकमा दे रहे थे जुआरी
पुलिस को पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि इमली छापर बस्ती में रोजाना जुए की बड़ी महफिल सज रही है। इससे पहले भी पुलिस ने कई बार छापेमारी की कोशिश की, लेकिन शातिर जुआरियों ने मुख्य रास्तों पर अपने गुर्गे बैठा रखे थे। पुलिस की गाड़ी देखते ही ये मुखबिर फड़ पर अलर्ट भेज देते थे, जिससे जुआरी संकरी गलियों का फायदा उठाकर भाग निकलते थे।
इस तरह बुना गया पुलिस का ‘जाल’
बार-बार मिल रही नाकामी के बाद कुसमुंडा थाना प्रभारी ने इस बार रणनीति बदली। पुलिस की एक विशेष टीम ने चारों तरफ से इलाके को घेरते हुए बेहद खामोशी से दबिश दी। जब तक जुआरियों के मुखबिर कुछ समझ पाते, पुलिस फड़ तक पहुंच चुकी थी। जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की कुंडली:
गिरफ्तार किए गए जुआरी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जो खास तौर पर इस फड़ में दांव लगाने आते थे:
1. पंचराम रौतिया, कोतवाली
2. कौशल बंशकार : मुड़ापार
3. कृष्ण कुमार छुरी, कटघोरा
4. राजेश कुमार दीपका
5. राहुल, विकासनगर (थाना कुसमुण्डा)
6. श्रवण, विकासनगर (थाना कुसमुण्डा)
7. जीवन लाल – निवासी: कुसमुंडा
8. भोला – कुसमुण्डा)
9. हरिराम – विकासनगर (थाना कुसमुण्डा)
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कड़क कार्रवाई से क्षेत्र के सटोरियों और जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।





