
कुसमुंडा काली मंदिर में गुरुपूर्णिमा पर्व मनाया गया
Korba – जिले के कुसमुंडा स्थित विवेकानंद सत्संग काली मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। दिनभर आयोजित विविध धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर गुरु महिमा का पुण्य लाभ अर्जित किया।
महोत्सव का शुभारंभ प्रातः काल शुभ वेला में मंदिर परिसर में विधिवत ध्वजारोहण और गुरु पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात मंदिर समिति व श्रद्धालुओं द्वारा भव्य नगर संकीर्तन निकाला गया। प्रभु नाम के जयकारों और संकीर्तन की ध्वनि से पूरा कुसमुंडा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
संध्या काल में मंदिर परिसर में विशेष भजन-कीर्तन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। सुमधुर भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। महाआरती के उपरांत उपस्थित सभी धर्मप्रेमी जनता को महाप्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का विशेष योगदान रहा।






