छत्तीसगढ़ में दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब चुनाव की तारीखों के ऐलान का इंतजार है। इस बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर में कराए जा सकते हैं।
मीडिया से चर्चा के दौरान अरुण साव ने कहा कि निर्वाचन आयोग चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। भाजपा सभी 17 नगरीय निकायों में चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। पार्टी हर चुनाव को गंभीरता से लेती है और इस बार भी पिछले चुनाव के परिणाम को दोहराएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों में शहरों के विकास के लिए कई काम किए हैं। जनता इन कार्यों के आधार पर भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी।
मन की बात में PM मोदी ने की भारतीय चॉकलेट की तारीफ, जानिए क्या है इसकी खासियत
कांग्रेस की स्थिति पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को लेकर अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति काफी खराब है। पार्टी की बैठकों में जिलाध्यक्ष तक शामिल नहीं हो पा रहे हैं और उन्हें नोटिस जारी करने की नौबत आ रही है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हारे-थके लोगों की पार्टी बनकर रह गई है। प्रदेश अध्यक्ष अब तक अपनी कार्यसमिति तक नहीं बना पाए हैं। हालांकि, उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया।
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर भी दिया बयान
संसद के आगामी सत्र में पेश होने वाले परिसीमन बिल को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और इसे जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ने वाली है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर विरोध कर रहे हैं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में नक्सली नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश नाकाम, 8 लाख का इनामी DVCM चंदर समेत 5 गिरफ्तार
शराब घोटाले की जांच पर कही ये बात
शराब घोटाला मामले में कारोबारी विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर अरुण साव ने कहा कि जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आ रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य मिलेंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी





