CG News – स्ट्रीट फूड से बिगड़ी तबीयत, पानीपुरी खाने के बाद 8 लोग अस्पताल में भर्ती

Jashpur Food Poisoning: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत केराडीह बाजार में गुपचुप (पानी पूरी) खाना लोगों के लिए भारी पड़ गया. गुपचुप खाने के बाद कई लोग अचानक फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. इन लोगों में उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 मरीजों का इलाज कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जबकि अन्य प्रभावितों का उपचार अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज कोरबा टायर गोदाम में लगी भीषण आग
बीएमओ कुनकुरी डॉ. के. कुजूर ने बताया कि मितानिन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को घटना की सूचना मिली. सूचना मिलते ही टीम ने केराडीह के डड़गांव पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगाया और गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल भेजा. उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति अब सामान्य है. हालांकि कमजोरी के कारण 8 मरीजों को अभी भी अस्पताल में निगरानी में रखा गया है.
वहीं पीड़ित मरीजों ने बताया कि बाजार में गुपचुप खाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी-दस्त शुरू हो गया. हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद अब स्थिति में सुधार है. घटना के बाद क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई की मांग की है.





