
बिलासपुर से रायपुर के लिए ट्रेन से रवाना हुए राहुल गांधी, यात्रियों संग की चर्चा, खिचवाईं फोटो… देखें वीडियो
रायपुर: भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता के बीच सुपर एक्टिव हैं। वह कभी किसानों से मिल रहे हैं और कभी बाइक मिस्त्रियों से। इसके साथ ही वह स्कूटी और ट्रक से यात्रा भी कर रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी आम लोगों से बातचीत भी कर रहे हैं। यहां वह उनसे समस्या और उनके समाधान के तरीके के बारे में बातचीत करते हैं। इसी बीच अब राहुल गांधी ने ट्रेन यात्रा की है।
छत्तीसगढ़ में चुनावी बिगुल बज चुका है। बीजेपी और कांग्रेस जबरदस्त तरीके से प्रचार और जनसभाएं करने में जुटी है। इसी बीच राहुल गांधी आज सोमवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। यहां एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह बिलासपुर से रायपुर के लिए जाने के लिए ट्रेन में चढ़ गए। यहां उन्होंने जनरल डिब्बे में बैठकर अपनी यात्रा पूरी की। इस दौरान उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी साथ दिखीं।
#WATCH | Congress MP Rahul Gandhi boards a train to travel from Bilaspur to Raipur in Chhattisgarh. pic.twitter.com/bguK6pCw7j
— ANI (@ANI) September 25, 2023
राहुल गांधी ने गिनाए कांग्रेस के काम
इससे पहले बिलासपुर में आवास सम्मेलन के मंच से जनता से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, ‘आज मैं यहां आया और इस बटन को दबाया। इस बटन को दबाते ही गरीबों और जरूरतमंद लोगों के खाते में 1200 करोड़ रुपए पहुंच गए।’ उन्होंने आगे कहा कि, हमारी छत्तीसगढ़ की सरकार आज गरीबों के आवास बनवाने के लिए पैसे दे रही है। आज 1200 करोड़ रुपए आपके खातों में आए हैं और आने वाले समय में भी इसी तरह आपके खाते में पैसे आएंगे। चुनाव के समय हमने आपसे किसानों का कर्ज माफ, बिजली बिल माफ और 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था। हमने अपना ये वादा निभाया है।
#WATCH छत्तीसगढ़: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ट्रेन से रायपुर पहुंचे।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बिलासपुर से ट्रेन में चले थे। pic.twitter.com/f6fdyve7qe
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 25, 2023
जातिगत जनगणना पर केंद्र को घेरा
इसके साथ ही राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा हिंदुस्तान की सरकार को विधायक और सांसद नहीं चलाते हैं बल्कि सेक्रेटरी और कैबिनेट सेक्रेटरी चलाते हैं। हिंदुस्तान की सरकार में जो 90 सेक्रेटरी हैं, वहीं सभी योजना बनाते हैं और यह तय करते हैं कि कितना पैसा कहां जाएगा। आपको बताना चाहता हूं कि इन 90 लोगों में से सिर्फ 3 लोग ओबीसी समाज के हैं। उन्होंने आगे कहा कि, ये 3 सेक्रेटरी देश का सिर्फ 5 प्रतिशत बजट चलाते हैं। क्या हिंदुस्तान में सिर्फ 5 प्रतिशत ओबीसी है। इस सवाल का जवाब सिर्फ जातिगत जनगणना से मिल सकता है।