Chhattisgarh: पंप चोरी के आरोपियों को मिली अनोखी सजा! जूतों की माला पहनाकर गांव में निकाला जुलूस

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पंप चोरी के आरोप में दो लोगों को ग्रामीणों द्वारा जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला ग्राम पंचायत आमगांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण पंप चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से परेशान थे। इसी बीच उन्होंने ग्राम पंचायत कोट के दो लोगों को पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों पंप चोरी कर उन्हें महज 1,000 रुपये में बेच देते थे।
आरोपियों के साथ मारपीट का भी आरोप
दोनों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।
हालांकि, चोरी के आरोपों की पुष्टि और घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। कानून अपने हाथ में लेने और किसी के साथ मारपीट करने का अधिकार किसी को नहीं है।





