CG में होली के बीच खौफनाक वारदात: कलयुगी बेटे ने मां की हत्या की, उधर पति ने पत्नी पर टंगिया से किया जानलेवा हमला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : होली के दिन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दो अलग-अलग जगहोंपर हुई हिंसक घटनाओं से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। पहली घटना में शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या कर दी, जबकि दूसरे मामले में पति ने पत्नी पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इकलौते बेटे का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका,फोरेंसिक टीम को बुलाया गया
आवास के पैसे को लेकर बेटे ने की मां की हत्या
पहली घटना मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा के धनुहारीटोला की है। यहां 65 वर्षीय फूलमतिया बाई धनुहार की उनके बेटे दलबीर सिंह ने गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए पैसे आए थे। आरोपी बेटा दलबीर सिंह उन पैसों और जमीन में ज्यादा हिस्सेदारी की मांग कर रहा था। मृतक महिला ने आवास के लिए आए पैसे देने से इनकार कर दिया और जमीन परिवार के सभी सदस्यों में बराबर बांटने की बात कही थी। इसी बात को लेकर बेटा नाराज था। वहीं होली के दिन शराब के नशे में मां-बेटे के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना देर रात की बताई जा रही है। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मरवाही पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पति ने पत्नी पर टंगिया से किया हमला
दूसरी घटना गौरेला थाना क्षेत्र के पड़खुरी पिपरिया गांव की है। यहां होली के त्योहार के दौरान पति ने अपनी पत्नी पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पति बिरजू अगरिया अपनी पत्नी राधा अगरिया के ससुराल शहडोल जिले से होली मनाने आया था। बताया जा रहा है कि होली के दौरान शराब पीने के बाद पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने टंगिया से पत्नी के कान, सिर, गर्दन और पीठ पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति को भी चोट लग गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने उसे जंगल से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला और बीच-बचाव में घायल व्यक्ति को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गौरेला पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






