ChhattisgarhKorbaकोरबा न्यूजछत्तीसगढ

कोरबा में BJP नेता अनिल चौरसिया समेत 3 लोगों पर FIR, नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भाजपा नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO) समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

दशहरा कार्यक्रम के दौरान हुई घटना

मामला 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन रजगामार के रावण मैदान में आयोजित कार्यक्रम का है। जानकारी के मुताबिक, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान नाबालिग छात्रा भी वहां मौजूद थी। आरोप है कि भीड़ के बीच कौशल चौरसिया और उसके भाई अनिल चौरसिया ने छात्रा पर अश्लील टिप्पणी की।

छात्रा ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद वह अपने भाई के साथ दोनों आरोपियों से बात करने पहुंची। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद कौशल चौरसिया, अनिल चौरसिया और दिनेश चौहान ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी बीच नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करने और उसका दुपट्टा खींचने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद डरी हुई छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

पहले चौकी और थाने पहुंचा परिवार, फिर SP से की शिकायत

परिजनों के मुताबिक, घटना की शिकायत दर्ज कराने वे उसी रात रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें यह कहकर बालको थाने भेज दिया गया कि मामला उस थाना क्षेत्र का है।

इसके बाद परिजन बालको थाने पहुंचे, लेकिन कथित तौर पर उन्हें थाना प्रभारी के आने के बाद मामले को देखने की बात कहकर लौटा दिया गया। इसके बाद परिवार ने कोरबा पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत की।

SP के निर्देश पर मामले में कार्रवाई की गई और तीनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

POCSO एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत छेड़छाड़, लज्जा भंग और मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नाबालिग की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी कर रही है।

बताया जा रहा है कि अनिल चौरसिया भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026