छत्तीसगढ़ में छात्र के साथ बर्बरता! चोटी बनाकर काटे बाल, प्राचार्य पर केस दर्ज

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास पटेवा स्थित एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में अनुशासन के नाम पर चौथी कक्षा के छात्र के बाल काटने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत और शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने स्कूल की प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनुशासन के नाम पर बाल काटने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2025 को स्कूल में छात्र के लंबे बालों की चोटी बनाकर कैंची से काट दिया गया। इसके बाद बच्चा मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और स्कूल जाने से कतराने लगा। शिकायत मिलने पर शिक्षा विभाग ने दो प्राचार्यों की टीम से मामले की जांच कराई। टीम ने 31 जुलाई 2026 को स्कूल पहुंचकर छात्र, अभिभावकों, प्राचार्य और शिक्षकों के बयान दर्ज किए।
जांच में धन्वंतरी अस्पताल की 5 जून की चिकित्सकीय रिपोर्ट भी शामिल की गई। इसमें छात्र को नींद में परेशानी, चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने से डरने जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया है।
शिक्षक पर भी लगाए गए आरोप
छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि गृहकार्य पूरा नहीं होने पर गणित के शिक्षक अजय कुमार देवांगन ने उसका कान मरोड़ा था। हालांकि, शिक्षक ने शारीरिक दंड देने के आरोप से इनकार किया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद छात्र की स्कूल में उपस्थिति अनियमित हो गई थी। अप्रैल 2026 में परिजनों ने उसका दाखिला दूसरे स्कूल में करा दिया। जांच के दौरान प्राचार्य ने बच्चों के बाल व्यवस्थित कराने की बात स्वीकार की थी। जांच दल ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों को भविष्य में इस तरह का व्यवहार नहीं करने की चेतावनी देने की अनुशंसा की।
फिलहाल पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।





