
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में कोलकाता के सुरेंद्रनाथ कॉलेज में मानसून की सफाई के दौरान एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने सबको चौंका दिया है. कॉलेज के यूनियन रूम में सफाई करते समय दो सूटकेस मिले, जिनमें एक लाख रुपये से अधिक की नकदी भरी थी. हैरानी की बात यह है कि लंबे समय तक बंद रहने के कारण इन नोटों को दीमकों ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. बरामद नोटों में ज्यादातर 500 और 100 रुपये के हैं. नगर निगम द्वारा मॉनसून से पहले शिक्षण संस्थानों में सफाई अभियान चलाने के निर्देश के बाद यह मामला सामने आया. फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी नोटों की सूची बनाने में जुटे हैं ताकि यह पता चल सके कि असल में कितनी राशि थी और यह किसका पैसा था.
PM E-Drive Scheme: छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात, शहरों में बनेंगे 30 नए EV चार्जिंग स्टेशन
BJP और TMC आई आमने-सामने
इस घटना ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है. बीजेपी विधायक सजल घोष ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. उन्होंने सवाल किया कि एक कॉलेज यूनियन रूम में इतनी बड़ी रकम बिना किसी जानकारी के कैसे जमा हो सकती है. बीजेपी ने तत्काल प्रभाव से उन यूनियन नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की है जो इस कमरे का उपयोग करते थे.
छत पर मिला आलीशान गुप्त कमरा
मामला तब और गंभीर हो गया जब कैश मिलने के अगले दिन कॉलेज की छत पर एक गुप्त कमरा मिला. यह कमरा पूरी तरह से लग्जरी सुविधाओं से लैस है. इसमें एसी, गद्देदार बिस्तर, दीवार पर घड़ियां और सजावटी पेंटिंग लगी हुई हैं. यह कमरा कथित तौर पर एक तृणमूल नेता का बताया जा रहा है. कॉलेज प्रशासन ने अभी तक इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. फिलहाल जांच जारी है कि कॉलेज परिसर के भीतर इस तरह की अवैध गतिविधियां कौन चला रहा था और इस पैसे का असली मालिक कौन है.






