अंबिकापुर : मछली मार कर तालाब पार कर रहे पिता-पुत्री की डूबने से मौत

उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जरहाडीह में तालाब में डूबने से पिता-पुत्री की मौत हो गई।मछली मार कर पिता रामू राम(45), छह साल की बेटी को कंधे में लेकर तालाब को पार कर रहा था। कीचड़ में फंस जाने के कारण वह गहरे पानी में डूब गया फिर उसकी बेटी भी डूब गई।

घटना का दुखद पहलू यह है कि इस घटना के दौरान मृतक का एक पुत्र और एक बेटी तालाब के किनारे-किनारे वापस घर लौट रहे थे। उन्हीं के सामने पिता और बहन डूब गए।शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ अंबिकापुर की टीम ने पिता-पुत्री के शव को बाहर निकाल लिया है।

जानकारी के अनुसार उदयपुर के ग्राम जरहाडीह निवासी रामू राम का घर खालमुड़ा नामक तालाब के पास ही है।गुरुवार की दोपहर वह तीन बच्चों को साथ लेकर मछली पकड़ने तालाब में गया था। लगभग आधा से एक किलो मछली पकड़ने के बाद वह घर लौटने लगा।

एक पुत्र और पुत्री को तालाब के किनारे-किनारे घूम कर घर जाने बोला। खुद छह साल की बेटी कांसी को कंधे में लेकर तालाब के उस हिस्से को पार कर घर जाने निकला जिधर से लोग आना-जाना करते हैं। बताया जा रहा है कि तालाब के बीच में पहुंचने के बाद उसका पैर कीचड़ में फंस गया।

बाहर बच्चों से वह बोलता रहा कि आगे नहीं बढ़ पा रहा है। कंधे पर बेटी भी चिल्लाने लगी, लेकिन आसपास कोई नहीं था जो उसकी मदद कर पाता। दो छोटे बच्चों के आंखों के सामने ही रामू राम डूब गया। उसकी बेटी भी गहरे पानी में समा गई।सूचना पर उप निरीक्षक समरेंद्र सिंह के साथ पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।

ग्रामीणों के सहयोग से पिता-पुत्री को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।शाम को एसडीआरएफ की टीम भी अंबिकापुर से पहुंची।रात को अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू आपरेशन बंद कर दिया गया था। सुबह से फिर खोजबीन आरंभ की गई।

आधे घण्टे के बाद दोनों के शव को बाहर निकाल लिया गया। बताया गया कि मृतक के पांच बच्चे थे जिसमें से एक की मौत हो गई। मृतक की पत्नी पहले ही घर छोड़ कर जा चुकी है। बड़ा बेटा एक ईंट भट्ठे में काम करता था। वह भी नाबालिग है। उसे वापस बुला लिया गया है। पिता की मौत और मां के घर छोड़कर चले जाने से चार बच्चों पर गहरा आघात लगा है।घटना से गांव में शोक का माहौल है।

INN24 ADMIN

The Admin account represents the management and publishing authority of INN24 News. The platform is operated and supervised from Bilaspur, Chhattisgarh, India, ensuring compliance with editorial standards, transparency policies, and responsible digital publishing practices. INN24 News is managed under the ownership of Orbit Media Group, with the Admin responsible for overseeing content publication, editorial coordination, and platform integrity. This account is used strictly for administrative and publishing purposes and does not represent individual opinion or authorship unless explicitly mentioned.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *