अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करते आरोपी रंगेहाथ धराया, 30 हजार का माल बरामद
सतपाल सिंह

अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करते आरोपी रंगेहाथ धराया, 30 हजार का माल बरामद

कोरबा । उरगा पुलिस ने अड़ानी पावर प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखा गया करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अड़ानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने उरगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने की फिराक में था, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर ही पकड़ लिया।
रिपोर्ट पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी व गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम अजीत कुमार टण्डन (40 वर्ष) पिता समार साय टण्डन, निवासी रेलवे क्रॉसिंग भैंसमा रोड (थाना उरगा) बताया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने अड़ानी पावर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के समीप छिपाकर रखे गए एक काले बैग से 30 मीटर कॉपर केबल (कीमती करीब ₹30,000) विधिवत जप्त किया। पुलिस ने शाम करीब 4:10 बजे आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील:
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





