ग्राम पंचायत बंदोरा में पुस्तकालय खुलने से बच्चों में बढ़ी पुस्तक पढ़ने की ललक
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती बीते 14 नवंबर 2026 का दिन ग्राम पंचायत बंदोरा के लिए बहुत खास रहा क्योंकि इस दिन इस पंचायत के युवा सरपंच नवधा राम वर्मा ने अपने पंचायत में एक नवीन पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। युवा सरपंच नवधा राम वर्मा के इस जनहितैषी कार्यों की जनसाधारण में खूब सराहना हो रही है। हो भी क्यों न गांव में सार्वजनिक पुस्तकालय भवन खुल जाने से गांव के शैक्षणिक माहौल में बदलाव जो देखने को मिल रहा है। पुस्तकालय खुलने से गांव के स्कूल- कालेज आदि में पढ़ाई कर रहे छात्र -छात्राओं में अध्ययन के प्रति रूचि बढ़ी है। जो बच्चे पहले खाली समय में मोबाईल चलाने या इधर-उधर घूमने में अपना समय खर्च कर देते थे वे अब रोज पुस्तकालय पहुंचकर ज्ञानवर्धक किताबें पढ़ते नजर आने लगे हैं। पुस्तकालय में अध्ययन करने पहुंचे बंदोरा के युवा छात्र -छात्राओं ने बताया कि पुस्तकालय में स्कूली पाठ्यक्रमों के साथ -साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सामान्य ज्ञान की पुस्तकों सहित समाचार पत्र पत्रिकाओं की उपलब्धता से उनके लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी गांव में ही संभव हो सकेगी। इस संबंध में ग्राम पंचायत बंदोरा के युवा सरपंच नवधा राम वर्मा ने बताया कि पंचायत का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। इस हेतु बच्चों को गांव में ही पढ़ाई – लिखाई के प्रति बेहतर वातावरण व संसाधन उपलब्ध कराने की कोशिश है। उम्मीद करते हैं कि बच्चे पुस्तकालय से ज्ञान की रौशनी पाकर अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरने में सफल होंगे। इधर अभिभावकों ने भी पंचायत के इस कदम की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया है। बंदोरा पंचायत के इस जनहितैषी कार्य को देखने व समझने लोग बंदोरा पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार,21 नवंबर को बंदोरा पहुंचे ग्राम पटेल टेमर रेवती नंदन पटेल व चारपारा ग्राम पटेल मांडवी साहू ने भी इसे प्रशंसनीय व प्रेरणादाई बताया और कहा कि आज आवश्यकता हर गांव में एक पुस्तकालय की आवश्यकता है । ग्राम पटेल रेवती नंदन पटेल ने आगे कहा कि पुस्तकालय ज्ञान की रौशनी फैलाती है। पुस्तकालय गांवों को आत्मनिर्भर, शिक्षित व सशक्त बनाने में मददगार होता है। गौरतलब हो कि आज के दौर में जब युवा पीढ़ी में पुस्तक पढ़ने की ललक कम होते जा रही है गांवों में पुस्तकालय खुलने से न केवल बच्चों मे पढ़ने व सीखने की संस्कृति विकसित होगी बल्कि गांव की बेटियां भी सुरक्षित माहौल में पढ़ सकती हैं।





