ब्रेकिंग कोरबा हाइवे में भीषण सड़क हादसा: खड़ी यात्री बस से जा भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, सो रहे दो यात्रियों की मौत, छह घायल
सतपाल सिंह

ब्रेकिंग कोरबा हाइवे में भीषण सड़क हादसा: खड़ी यात्री बस से जा भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, सो रहे दो यात्रियों की मौत, छह घायल..

कोरबा – जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बस के भीतर सो रहे दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी और तानाखार के पास अनूप ढाबा के नजदीक रुकी हुई थी। रविवार सुबह करीब 3 बजे पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिल सका और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से कटघोरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक यात्री की अत्यंत गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कटघोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।





