धान खरीदी कार्य से जुड़े निगरानी दल, उड़नदस्ता दल व जांच दल सहित विभिन्न दलों का प्रशिक्षण संपन्न
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती, जिले में समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से 10 एवं 11 नवंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर जयश्री जैन की अध्यक्षता में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय निगरानी दल, विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल एवं तहसील स्तरीय जांच दल व डिस्ट्रिक्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (DCCC) के सदस्य व अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जिला विपणन अधिकारी शोभना तिवारी एवं जिला खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह द्वारा धान खरीदी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में धान उपार्जन केंद्रों में मानक आकार के धान स्टैक का निर्माण, स्टैक की सही तरीके से गिनती, टोकन व्यवस्था, धान की आवक-जावक एवं खरीदी संबंधी निर्देश तथा बारदाना व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में उपस्थित धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों को धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा प्रशिक्षणार्थियों का शंका समाधान भी किया गया। साथ ही प्रत्येक धान उपार्जन केंद्र में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखते हुए खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान सभी दलों को निर्देशित किया गया कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशिक्षण में खाद्य विभाग, मार्कफेड, सहकारिता विभाग के अधिकारी, जिला स्तरीय निगरानी दल, विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल, तहसील स्तरीय जांच दल एवं डिस्ट्रिक्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सदस्य व अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





