*पुलिस जनसंवाद केन्द्र में सक्ती नगरवासियों ने देखा राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण*

जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्ती लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिले भर में किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में लोगों ने देश के रियासतों के एकीकरण तथा अखंड भारत निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका का स्मरण कर राष्ट्र की एकता अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस क्रम में सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित सक्ती पुलिस की मौजूदगी में सक्ती नगर में नवनिर्मित पुलिस जन संवाद केन्द्र परिसर में भी नगरवासियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण देखा। परेड के माध्यम से दिए जा रहे देश की एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम के संदेश को सक्ती नगरवासियों ने देखा। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का याद किया गया। आजादी उपरांत देशी रियासतों के एकीकरण तथा अखंड भारत निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका का स्मरण कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प भी लिया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का यह आयोजन हमें आपसी एकता व भाईचारे के साथ सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर कार्यक्रम में सक्ती नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, सभापति व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, जिला पंचायत सदस्य व सभापति आयुष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल सहित मीडिया प्रतिनिधियों सहित स्कूली छात्र -छात्राओं सहित सक्ती नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह सुंदर आयोजन पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, यातायात पुलिस प्रभारी वाय.एन.शर्मा सहित सक्ती पुलिस द्वारा किया गया।





