Chhattisgarhअपराधछत्तीसगढ

साधु-बाबा का भेष धरकर लाखों की ठगी, पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को बनाया शिकार; नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साधु-बाबा का भेष धारण कर लोगों को ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी बीमारी दूर करने और घरेलू परेशानियों से मुक्ति दिलाने का झांसा देकर लोगों से सोने के जेवर और नकदी ऐंठते थे। मामले में गंज थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया है।

Korba EOW Raid: कटघोरा में EOW की बड़ी कार्रवाई, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर सैनिक के ठिकानों पर एक साथ छापा

बीमारी और अनहोनी का डर दिखाकर जीता भरोसा

पुलिस के मुताबिक, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों ने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में बातें बताकर परिवार का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर आरोपियों ने सोने की अंगूठी और नकदी ले ली। कुछ दिनों बाद वे दोबारा घर पहुंचे और पूजा के बाद जेवर वापस करने का भरोसा देकर सोने की चेन समेत अन्य आभूषण भी ले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने परिवार को धमकी दी कि अगर इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उनके साथ अनहोनी हो सकती है।

फोन कर और जेवर व नकदी की करने लगे मांग

शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2026 से आरोपियों ने फोन के जरिए परिवार से संपर्क करना शुरू किया और अधिक जेवरात व नकदी की मांग करने लगे। इसके बाद पीड़ित परिवार को ठगी का संदेह हुआ। आरोप है कि न तो आरोपियों ने कोई पूजा-पाठ कराया और न ही लिए गए सोने के आभूषण वापस किए।

मोबाइल नंबरों की जांच से पकड़े गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित परिवार से पूछताछ और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

CG Crime: डॉक्टर को लगाया 34 लाख का चूना, ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले 5 आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने रायपुर या अन्य जगहों पर इसी तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमारी दूर करने, चमत्कार दिखाने या घरेलू समस्याओं का समाधान करने का दावा करने वाले अज्ञात लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने कीमती आभूषण या नकदी सौंपने से बचें।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026