छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज वारदात: बस स्टैंड पर लूट की कोशिश, विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस के मुताबिक, नशे में धुत पांच दोस्तों ने पैसे लूटने की योजना बनाई थी। उन्होंने बस स्टैंड पर सो रहे एक व्यक्ति को निशाना बनाया, लेकिन उसके जागने और विरोध करने पर एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर ले गए।
स्मृति ईरानी ने CM विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
बस स्टैंड पर मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाने को बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस अधिकारी, जूटमिल पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। वहीं, पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान घटना में 15 से 16 वर्ष की उम्र के लड़कों के शामिल होने के संकेत मिले। संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर एक युवक और चार नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
नशे की लत के लिए करते थे लूटपाट
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। इसके अलावा वे शराब के नशे में रहने वाले लोगों और रात में रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के आसपास अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे।
CG Weather Update: साइक्लोन बदलेगा मौसम का मिजाज, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में होगी बारिश
एक युवक गिरफ्तार, चार नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने हत्या और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





