Chhattisgarh

सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार पत्रों पर प्रसारित भ्रामक खबर के संबंध में कोण्डागांव पुलिस ने बताई वास्तविक स्थिति

 

सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार पत्रों पर प्रसारित भ्रामक खबर के संबंध में कोण्डागांव पुलिस ने बताई वास्तविक स्थिति

 

गांजे के पौधे पाए जाने के मामले में 14 अक्टूबर को ही अपराध पंजीबद्ध कर किया जा रहा विवेचना।

◆ थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 324/2026, धारा 20 (क) NDPS Act के तहत दर्ज है अपराध।

◆ पुलिस की निष्क्रियता एवं प्रशासनिक संरक्षण संबंधी आरोपों को सिरे से किया खारिज।

कोण्डागांव। दिनांक 23.10.2026 को सोशल मीडिया पर नरेन्द्र देवांगन, रितेश पटेल द्वारा माजीसा राइस मिल के सामने गांजे के पौधे पाए जाने के मामले में पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए खबर प्रसारित की गई है, जिसमें पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने एवं प्रशासनिक संरक्षण संबंधी भ्रामक तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं।

जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि दिनांक 14.10.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर विधिवत कार्रवाई करते हुए थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 324/2026, धारा 20 (क)NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है एवं गांजे के पौधे को विधिवत जप्त किया गया है।

प्रकरण में गांजे का पौधा संबंधित भवन की बाउंड्री वॉल के बाहर स्थित भूमि पर पाए गए थे। उक्त भूमि के स्वामित्व एवं संबंधित व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट करने हेतु संबंधित विभाग से विधिवत पत्राचार किया गया है। वर्तमान में प्रकरण विवेचनाधीन है, जानकारी प्राप्त होने साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार पत्रों के माध्यम से प्रसारित इस खबर में कोतवाली कोंडागांव पुलिस का कोई पक्ष प्राप्त नहीं किया गया है और ना ही संपर्क कर तथ्यों को जानने का प्रयास किया गया है, बल्कि पुलिस की निष्क्रियता तथा दबाव संबंधी भ्रामक खबर प्रसारित की गई है। ज्ञात हो कि उक्त मामले दिनांक 14/10/2026 को अपराध पंजीबद्ध कर निर्देशानुसार पुलिस विभाग के आधिकारिक वेब साइड में भी अपलोड भी किया गया है, जहां से आसानी से देखा भी जा सकता है। परन्तु इसके बाद भी उक्त तथ्यों को देखे बिना पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ भ्रम की स्थिति निर्मित की जा रही है।

कोण्डागांव पुलिस स्पष्ट करती है कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी अवैध गतिविधि को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। जानबूझकर झूठी अथवा भ्रामक जानकारी प्रसारित किए जाने में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कोण्डागांव पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।