शराब पीने के बाद 2 दोस्तों की मौत, BSP पार्षद समेत 4 की बिगड़ी तबीयत; मौत की वजह तलाश रही पुलिस

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ नगर पंचायत में शराब पीने के बाद BSP पार्षद समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मौजूद दो अन्य युवकों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हाथियों का आतंक: सुबह 3 बजे गांव में मची चीख-पुकार, मवेशियों को कुचला, भागकर ग्रामीणों ने बचाई जान
शराब पीने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान BSP पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों ने पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। कुछ देर बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान दो लोगों ने तोड़ा दम
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बिलासपुर रेफर किया गया। राम खिलावन जांगड़े ने सिम्स अस्पताल में, जबकि जोहित खरे ने अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं, दोनों अन्य युवकों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।




