हाथियों का आतंक: सुबह 3 बजे गांव में मची चीख-पुकार, मवेशियों को कुचला, भागकर ग्रामीणों ने बचाई जान

लोरमी : छत्तीसगढ़ के लोरमी वनांचल क्षेत्र के ग्राम जमुनाही में शनिवार तड़के हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक गांव में पहुंचे हाथियों ने एक ग्रामीण के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया और खूंटे से बंधे मवेशियों को कुचलकर मार डाला। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हालांकि, समय रहते घर छोड़कर भागने के कारण एक परिवार की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 3 बजे की है। ग्राम जमुनाही निवासी नीलकंठ यादव को अचानक हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब उन्होंने बाहर टॉर्च की रोशनी में देखा, तो हाथियों का एक बड़ा झुंड उनके घर की ओर बढ़ता नजर आया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए नीलकंठ यादव ने तुरंत अपनी पत्नी और बच्चों को जगाया और घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। इस तरह परिवार ने अपनी जान तो बचा ली, लेकिन घर के पास खूंटे से बंधे मवेशी हाथियों की चपेट में आ गए।
हाथियों ने मवेशियों को पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके अलावा, झुंड ने नीलकंठ यादव के मकान को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया। आसपास के अन्य ग्रामीणों के घरों को भी क्षति पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
श्रेयस अय्यर रच सकते हैं इतिहास, कप्तानी में रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना के बाद ग्राम जमुनाही और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में भय का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नुकसान का आकलन शुरू किया।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को जल्द मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।





