डबल मर्डर का खुलासा: 19 लाख के लालच में शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों की हत्या के आरोप में प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने 19 लाख रुपये के लालच में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार समेत कई अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी! नायब तहसीलदार ने बीच सड़क पर आतिशबाजी कर मनाया जन्मदिन, वीडियो वायरल
अलग-अलग जगहों पर मिले थे मां-बेटे के शव
जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर सुजल बरेठ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। वहीं, उसकी मां रजनी बरेठ का शव केशवनगर स्थित उनके घर में मिला। मां-बेटे की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची।
19 लाख रुपये के लालच में की शिक्षिका की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रवेश कुमार ऑटो पार्ट्स का कारोबार करता है और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। आरोपी की पत्नी और मृतका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी से जानकारी मिली थी कि रजनी ने 19 लाख रुपये का लोन लिया है।
इस रकम को हासिल करने के इरादे से आरोपी रजनी के घर पहुंचा और उनसे पैसों की मांग करने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रवेश ने स्टील की बोतल से रजनी के सिर पर हमला किया और इसके बाद बाथरूम में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या का राज खुलने के डर से बेटे को भी मार डाला
पुलिस के मुताबिक, रजनी की हत्या के बाद आरोपी को डर था कि उनका बेटा सुजल इस वारदात का खुलासा कर सकता है। इसी आशंका में उसने सुजल की भी हत्या करने की योजना बनाई।
आरोपी ने सुजल को गुमराह करते हुए बताया कि उसकी मां उसके घर पर है। इसके बाद वह उसे घुमाने के बहाने अपनी कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में उसे खाने-पीने की चीजें भी दीं। बाद में आरोपी उसे राई जंगल की ओर ले गया, जहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में सुजल की मौत हो गई।
जापान में छत्तीसगढ़ का डंका: अभिजीत सखूजा ने पैरा एशियन गेम्स में जीता कांस्य पदक
सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर से पकड़ा गया आरोपी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर की मदद से आरोपी प्रवेश कुमार की पहचान की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और बताए गए ठिकानों से मृतका का मोबाइल फोन, घर के दस्तावेज और आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कार, स्टील की बोतल और सीमेंट के खंभे का टुकड़ा भी जब्त किया गया है। बताया गया है कि आरोपी ने मृतका से संबंधित सामान अपने ससुराल अंबिकापुर में रखा था।
फिलहाल, इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





