कोरापुट-किरंदुल रेलखंड के मालिगुड़ा क्षेत्र में बहाली कार्य पूरा, मालगाड़ियां चलेंगी; सुरक्षा जांच के बाद बहाल होगी यात्री सेवा
24 सितंबर से बंद रेलमार्ग पर प्रतिबंधित गति से मालगाड़ियों को अनुमति, यात्री ट्रेनों के परिचालन के लिए सुरक्षा मंजूरी जरूरी

रायगढ़ा, 23 अक्टूबर। कोरापुट-किरंदुल रेलखंड के मालिगुड़ा क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित तीनों स्थानों पर रेललाइन बहाली का कार्य पूरा कर लिया गया है। 24 सितंबर से बंद इस रेलखंड पर बुधवार रात बहाली कार्य पूरा होने के बाद पूर्व तट रेलवे ने सुरक्षा सावधानियों और निगरानी के बीच प्रतिबंधित गति से मालगाड़ियों के परिचालन की अनुमति दे दी है। हालांकि, यात्री ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रेलखंड की सुरक्षा जांच और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही शुरू होगी।
रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता राजेश शेखावत और रायगढ़ा मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ सिंघल सहित अन्य अधिकारियों ने प्रभावित स्थलों पर मौजूद रहकर बहाली कार्यों की निगरानी की। इंजीनियरिंग, विद्युत तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की टीमों ने दिन-रात काम कर रेलमार्ग को बहाल किया।
पूर्व तट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने भी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द बहाली के निर्देश दिए थे।
भूस्खलन से मालिगुड़ा रेल पुल के समीप किलोमीटर 215/19 से 215/23 तथा मालिगुड़ा स्टेशन यार्ड में किलोमीटर 217/25 से 217/36 के बीच रेललाइन प्रभावित हुई थी।
सुरक्षा जांच के बाद ही चलेंगी यात्री ट्रेनें
कोरापुट-किरंदुल रेलमार्ग बस्तर और आसपास के क्षेत्रों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मालगाड़ियों का परिचालन फिलहाल प्रतिबंधित गति से होगा, जबकि यात्री ट्रेनों को चलाने से पहले पटरियों और अन्य रेलवे बुनियादी ढांचे की विस्तृत जांच की जाएगी। आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही यात्री सेवाएं बहाल होंगी। रेलवे ने यात्रियों और आम जनता के सहयोग एवं धैर्य के लिए आभार जताया है।





