CG News: रावण दहन के दौरान बड़ा हादसा, हनुमान की पूंछ में लगी आग से 3 लोग झुलसे, वीडियो वायरल

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरा उत्सव के दौरान रामलीला मंचन के बीच बड़ा हादसा हो गया। नगरी क्षेत्र के छिपली गांव में आग के प्रदर्शन के दौरान अचानक लपटें भड़क उठीं, जिसकी चपेट में हनुमान का किरदार निभा रहे युवक समेत तीन लोग आ गए। हादसे में सभी झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है।
CG Crime: दशहरा के बाद खूनी विवाद, घर में घुसकर महिलाओं पर डंडों से हमला
आग की चपेट में आए रामलीला के कलाकार
जानकारी के अनुसार, छिपली गांव में दशहरा के अवसर पर रामलीला का आयोजन किया गया था। इसी दौरान रावण दहन के समय कुछ लोग ज्वलनशील स्प्रे की मदद से आग का प्रदर्शन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि स्प्रे से निकली आग अचानक भड़क गई और पास में मौजूद रामलीला के कलाकार इसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में हनुमान की भूमिका निभा रहे हेमंत ध्रुव समेत तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
IND vs ZIM: रायपुर में टीम इंडिया का धमाका! जिम्बाब्वे को 92 रन से हराकर सीरीज पर 3-0 से किया कब्जा
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज किया जा रहा है। हालांकि, उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में कुछ लोग आग की चपेट में आने के बाद खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। अचानक आग भड़कने से आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
दशहरा उत्सव के दौरान हुए इस हादसे ने आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायलों के स्वास्थ्य और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी का इंतजार है।





