CG News: कैदी लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी खुद विवादों में, नशे में बेसुध मिले ASI-आरक्षक; लावारिस पड़ी थी राइफल

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कथित तौर पर एक ASI और आरक्षक शराब के नशे में बेसुध पड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं, पास में उनकी INSAS राइफल भी लावारिस हालत में पड़ी नजर आ रही है। घटना ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और हथियारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी अंबिकापुर के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे की हालत में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि दोनों दुर्ग जिले में पदस्थ हैं और कैदी को लेकर अंबिकापुर जेल में दाखिल कराने आए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें इस हालत में देखकर बस स्टैंड चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां लावारिस हालत में पड़ी INSAS राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। घटना को लेकर आगे की कार्रवाई और जांच से संबंधित जानकारी सामने आने का इंतजार है।





