Chhattisgarh

मां दंतेश्वरी के दर्शन कर रथ यात्रा में शामिल हुए किरण देव, बड़े भाई से लिया आशीर्वाद

मावली मंदिर परिसर में दशहरा समिति के सदस्यों, बस्तर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज और मांझी-चालकी सहित दशहरा से जुड़े लोगों ने किया आत्मीय स्वागत

जगदलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव मां दंतेश्वरी के दर्शन के पश्चात जगदलपुर पहुंचे और बस्तर दशहरा की रथ यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को नवरात्र एवं विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मावली मंदिर परिसर में किरण देव ने अपने बड़े भाई कुमार जयदेव के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। लंबे समय बाद अपने गृह क्षेत्र लौटे किरण देव का दशहरा समिति के सदस्यों, बस्तर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज के प्रतिनिधियों, पुजारी, मांझी-चालकी सहित बस्तर दशहरा से जुड़े विभिन्न वर्गों के लोगों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

स्वास्थ्य लाभ के बाद क्षेत्र में वापसी पर किरण सिंह देव ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग तीन महीने बाद उन्हें व्यक्तिगत रूप से क्षेत्रवासियों के बीच लौटने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि बड़ों के आशीर्वाद, शुभकामनाओं और सभी की दुआओं के कारण ही वे स्वस्थ होकर पुनः अपने कर्मक्षेत्र में लौट पाए हैं।

किरण देव ने कहा कि मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से उन्हें एक बार फिर उसी उत्साह और ऊर्जा के साथ जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। बस्तर दशहरा की रथ यात्रा में शामिल होकर उन्होंने इस ऐतिहासिक और पारंपरिक पर्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। साथ ही उन्होंने नवरात्र और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को बनाए रखने का संदेश दिया।

मावली मंदिर परिसर में हुए आत्मीय स्वागत के दौरान पारिवारिक संबंधों के साथ बस्तर की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। दशहरा से जुड़े विभिन्न समाजों और परंपरागत प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने किरण देव के क्षेत्रवासियों से जुड़ाव को रेखांकित किया।

Ravindra Das Bureau Bastar

Ravindra Das covers economic policy, business developments, and financial matters affecting India and regional markets with addition of local news in Bastar Sambhag of Chhattisgarh. His analysis is data-driven and focused on clarity and accuracy. Areas of Expertise • Business and industry • Government economic policy • All Local News of Bastar Division Editorial Responsibility He ensures all data verified against authoritative sources. 📧 Contact: dasvindra3@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026