ChhattisgarhKorbaNATIONALSECL

कुसमुंडा लक्ष्मण नाला पुल पर लोहे की रेलिंग लगाने का काम शुरू, राहगीरों को मिलेगी बड़े हादसे से निजात; जल्द ही आकार लेगा नया पुल

सतपाल सिंह....

कुसमुंडा लक्ष्मण नाला पुल पर लोहे की रेलिंग लगाने का काम शुरू, राहगीरों को मिलेगी बड़े हादसे से निजात; जल्द ही आकार लेगा नया पुल…

Jas

कोरबा – जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत इमली छापर मुख्य मार्ग पर स्थित लक्ष्मण नाला पुल पर सुरक्षा के मद्देनजर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। काफी समय से संकरे हो चुके इस पुल पर सुरक्षा दीवार (वाल) टूटी होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए नाले में गिरने का गंभीर खतरा बना हुआ था। इस अस्थाई सुरक्षात्मक कार्य से स्थानीय जनता ने बड़ी राहत की सांस ली है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है कि नवंबर माह से यहां नए पुल और फोरलेन का निर्माण कार्य भी अमलीजामा पहनने जा रहा है।

 

टूट चुकी थी सीमेंट की दीवार, बना था हादसे का सबब

लक्ष्मण नाला पुल पर पूर्व में बनी ईंट और सीमेंट की सुरक्षा दीवार पूरी तरह जर्जर होकर टूट चुकी थी। मुख्य मार्ग होने के कारण इस संकरे पुल से दिन-रात भारी और हल्के वाहनों के साथ-साथ आम राहगीर गुजरते हैं। सुरक्षा दीवार न होने से रात के अंधेरे में या जरा सी लापरवाही के कारण किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना होने और लोगों के नाले में गिरने की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय स्तर पर लगातार इस खतरे को दूर करने की मांग की जा रही थी, जिसके बाद अब यहां लोहे की रेलिंग लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

नवंबर से शुरू होगा फोरलेन और नए पुल का भव्य निर्माण

इस अस्थाई राहत के बीच,क्षेत्र के विकास को लेकर एक बड़ी प्रशासनिक अपडेट सामने आई है। कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन परियोजना के अंतर्गत सर्वमंगला से कुचेना मोड़ तक रुके हुए फोरलेन सड़क निर्माण को दोबारा गति मिलने जा रही है। विभाग द्वारा इसके लिए नए टेंडर की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत निम्नलिखित प्रमुख निर्माण कार्य किए जाएंगे:

• लक्ष्मण नाले पर नया पुल: वर्तमान संकरे पुल के समान्तर आधुनिक और चौड़ा नया पुल बनाया जाएगा।

• फोरलेन सड़क: इमली छापर चौक से लेकर कूचेना मोड़ तक फोरलेन सड़क का निर्माण होगा।

• अंडरब्रिज व नहर पुल: बरमपुर मोड़ पर नहर पुल का निर्माण और 6 नंबर डंपिंग क्षेत्र में एक सर्वसुविधायुक्त अंडरब्रिज तैयार किया जाएगा।

तरदा में कंक्रीट क्रेशर स्थापित, काम ने पकड़ी रफ्तार

निर्माण कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए ठेका कंपनी ने अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं। इसके लिए ग्राम तरदा में कंक्रीट क्रेशर प्लांट स्थापित किया जा रहा है, ताकि निर्माण सामग्री की आपूर्ति में कोई बाधा न आए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नवंबर माह से धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद आगामी कुछ महीनों में कुसमुंडा क्षेत्र की इस लाइफलाइन सड़क की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

Om Gavel Bureau Korba

State Affairs Reporter Om Gavel is a state and local affairs reporter focusing on administration, development projects, and civic issues, local news in Chhattisgarh. His work highlights grassroots concerns and governance-related developments and all local activity in concern with crime and administration. Areas of Expertise • State administration • Infrastructure and development • Civic and public issues • Field reporting and all local issue Editorial Responsibility Om Gavel follows source verification guidelines and ensures responsible, fact-based reporting. 📧 Contact: humara.kusmunda.omgavel@gmail.com Profile Last Updated: 16 January 2026