ब्रेकिंग: सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग पर रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लहूलुहान, हालत नाजुक
ब्रेकिंग: सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग पर रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लहूलुहान, हालत नाजुक
ब्रेकिंग: सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग पर रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लहूलुहान, हालत नाजुक..
सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची सर्वमंगला पुलिस, अपनी गाड़ी से घायल को पहुंचाया अस्पताल..

कोरबा जिले के सर्वमंगला-कनवेरी मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक सहित सड़क पर औंधे मुंह गिर पड़ा। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की सूझबूझ से घायल को तुरंत अस्पताल दाखिल कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
गांव के मुहाने पर ही हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सोनपुरी निवासी इन्द्रपाल निर्मलकर शनिवार शाम किसी निजी काम से अपनी बाइक पर सवार होकर सर्वमंगला की ओर जा रहा था। वह अभी अपने गांव के मुहाने पर स्थित नहर के सोनपुरी पुल को पार कर मुख्य मार्ग पर पहुंचा ही था कि कोरबा-सर्वमंगला की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उसे सीधे टक्कर मार दी।
नहर में नहा रहे लोगों ने दौड़कर बचाई जान..
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय पास ही नहर में कुछ लोग नहा रहे थे। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। घायल इन्द्रपाल सड़क पर बेसुध पड़ा हुआ था और हिल-डुल भी नहीं पा रहा था। उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं और अत्यधिक खून बह रहा था।
पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दिखाया मानवीय चेहरा
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इस घटना की सूचना सर्वमंगला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए मौके पर मुस्तैदी दिखाई। एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को अपनी ही गाड़ी में लिटाया और सीधे जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

ब्रेकर पर भी धीमी नहीं की रफ्तार..
मौके पर मौजूद चश्मदीद ओंकार यादव व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाला वाहन एक पिकअप था, जो बेहद तेज रफ्तार में था। घटना स्थल के पास स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद लापरवाह चालक ने गाड़ी धीमी नहीं की और बाइक सवार को रौंदते हुए भाग निकला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। ओमकार यादव की खबर…





