CG Crime: CAF जवान का अपहरण कर बनाया बंधक, मारपीट के बाद स्टाम्प पेपर पर जबरन कराए हस्ताक्षर; महिला और ड्राइवर गिरफ्तार

CG Crime: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान को कथित तौर पर अगवा कर बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन के विवाद में जवान को जबरन एक मकान में ले जाकर बंधक बनाया गया और स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए। हालांकि, जवान किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा। उसने अपनी लाइव लोकेशन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर मदद मांगी। मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है।
11 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित जवान विजय शील रायगढ़ स्थित छठवीं बटालियन में पदस्थ है। बताया जा रहा है कि जवान और एक महिला के बीच करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले के सिलसिले में जवान दुर्ग पहुंचा था।
आरोप है कि जब जवान कोतवाली थाने की ओर जा रहा था, तभी कुछ लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के पास स्थित एक कॉलोनी के मकान में बंधक बनाकर रखा गया। यहां उसके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर स्टाम्प पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए।
लाइव लोकेशन भेजकर अधिकारियों से मांगी मदद
बंधक बनाए जाने के दौरान जवान ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों को लाइव लोकेशन भेज दी। इसके बाद वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर जंगल में छिप गया और अपने यूनिट हेड को घटना की जानकारी दी।
यूनिट हेड ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दुर्ग पुलिस सक्रिय हुई और जवान की तलाश शुरू की। पुलिस ने रातभर खोजबीन की, जिसके बाद सुबह जवान को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
महिला और ड्राइवर गिरफ्तार
जवान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में हरजिंदर कौर (47) और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा (37) को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों पर जवान को बंधक बनाने, उसके साथ मारपीट करने और स्टाम्प पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराने के आरोप हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





