कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर जल्द छटेगा अंधेरा: स्ट्रीट लाइट लगाने का काम अंतिम चरण में
सतपाल सिंह के साथ ओम गवेल की खबर

कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर जल्द छटेगा अंधेरा: स्ट्रीट लाइट लगाने का काम अंतिम चरण में… 
कोरबा। जिला मुख्यालय को कोयलांचल क्षेत्र से जोड़ने वाले सबसे व्यस्त कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन मार्ग पर सफर करने वाले राहगीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। पिछले 6 वर्षों से अंधेरे में डूबे इस मार्ग को रोशन करने का काम अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण प्रभावित हुआ स्ट्रीट लाइट स्थापना का कार्य मौसम साफ होते ही युद्ध स्तर पर दोबारा शुरू कर दिया गया है।
सर्वमंगला चौक से इमली छापर तक चमकेगी दूधिया रोशनी
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत सर्वमंगला चौक से लेकर इमली छापर तक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर तेजी से स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जा रहे हैं। मुख्य मार्ग पर खंभे लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब विकास नगर मुख्य मार्ग के साथ-साथ इस रूट के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भी पोल खड़े किए जा रहे हैं, ताकि सड़क के दोनों किनारों पर पर्याप्त और सुव्यवस्थित रोशनी सुनिश्चित की जा सके।
हादसों के ‘ब्लैक स्पॉट’ से मिलेगी मुक्ति
आपको बता दें कि कुसमुंडा मार्ग पर रोजाना हजारों की संख्या में भारी वाहनों और स्थानीय राहगीरों की आवाजाही होती है। पिछले 6 सालों से इस फोरलेन पर लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह पूरी सड़क रात के वक्त हादसों का ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुकी थी। अंधेरे और भारी वाहनों की भारी तादाद की वजह से आए दिन यहाँ गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिसमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थानीय नागरिकों और जन प्रतिनिधियों द्वारा इस समस्या को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही थी।
अक्टूबर महीने में पूरा होगा काम
संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के मुताबिक, बारिश की रुकावट के बावजूद काम को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। अक्टूबर महीने के भीतर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इस पूरे फोरलेन मार्ग पर दूधिया रोशनी बिखरने लगेगी, जिससे रात के समय सफर करने वाले राहगीरों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी और सुरक्षा का माहौल बनेगा।





