नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरे 202 एनसीसी कैडेट्स
जगदलपुर, 26 सितंबर 2026। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में नशे के खिलाफ जन जागरूकता का संदेश लेकर 202 एनसीसी कैडेट्स ने भव्य जागरूकता रैली निकाली। 10 छत्तीसगढ़ स्वतंत्र कंपनी एनसीसी, जगदलपुर के कमान अधिकारी कर्नल पी. एस. बिंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम मॉडल कॉलेज, शासकीय शहीद हरचंद नायक महाविद्यालय तोकापाल, कृषि एवं अनुसंधान महाविद्यालय जगदलपुर, जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा हम एकेडमी के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शुरू होकर चांदनी चौक, शहीद पार्क चौक, पुराना बस स्टैंड, गोल बाजार चौक, मां दंतेश्वरी चौक, संजय मार्केट और हनुमान मंदिर चौक होते हुए बस्तर हाई स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली का नेतृत्व चीफ ऑफिसर यू. धर्मेंद्र पटनायक ने किया। इस दौरान 10 छत्तीसगढ़ स्वतंत्र कंपनी एनसीसी के सूबेदार हरीश कुमार, पीआई स्टाफ एवं हम एकेडमी के एनसीसी अधिकारी उपस्थित रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में स्थानीय यातायात विभाग का भी सहयोग रहा।





