CGPSC का बड़ा फैसला! 265 पदों के लिए 20 सितंबर से होने वाला इंटरव्यू स्थगित, जल्द जारी होगी नई तारीख

रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 को लेकर अहम सूचना जारी की है। इस परीक्षा के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत होने वाला दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
आयोग ने 16 सितंबर को जारी सूचना में बताया कि अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार के लिए पहले से निर्धारित कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित किया गया है। हालांकि, इन कारणों के संबंध में आयोग की ओर से कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
CG Transfer News: स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, कई जिलों में बदले गए CMHO, आदेश जारी
20 सितंबर से शुरू होना था इंटरव्यू
CGPSC के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य सेवा परीक्षा-2025 के लिए दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित की जानी थी। अब यह कार्यक्रम तय तारीखों पर आयोजित नहीं होगा।
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के जरिए विभिन्न विभागों में कुल 265 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। लिखित परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार चयन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण हैं। कार्यक्रम स्थगित होने के बाद अब अभ्यर्थियों को नई तारीखों का इंतजार करना होगा।
नई तारीखें बाद में होंगी जारी
CGPSC ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की नई तिथियां अलग से जारी की जाएंगी। आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आगे की जानकारी के लिए CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट और जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना में राज्य सेवा परीक्षा-2025 के विज्ञापन और संबंधित शुद्धि पत्रों का हवाला देते हुए 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक निर्धारित दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार कार्यक्रम को स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई है।





