Mungeli News :ग्राम धरदेही के पास लोहे से भरा ट्रक पलटा, कंडक्टर की मौके पर मौत, एक घायल

(रिपोर्ट-रवि निर्मलकर)मुंगेली/पथरिया। मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरदेही के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरगांव से पथरिया की ओर लोहे से भरा ट्रक जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के नीचे दबने से कंडक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पथरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक के नीचे दबे कंडक्टर के शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे.






