मुंगेली : शिक्षक की लापरवाही का वीडियो वायरल, स्कूली बच्चों से उतरवाया गया भारी सामान

मुंगेली। जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत गुरुवाइनडबरी शासकीय विद्यालय से शिक्षक की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विद्यालय के अध्ययनरत बच्चों से मालवाहक वाहन से भारी सामान उतरवाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में बच्चे सामान अनलोड करते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्कूली बच्चों से इस तरह का कार्य कराए जाने पर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि वायरल वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह मामला बच्चों की सुरक्षा और विद्यालयों में जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि शिक्षा विभाग मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।






