निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद, जांजगीर पुलिस का बड़ा फैसला

जांजगीर-चांपा : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना के एक हिस्से पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब उरगा-बलौदा-पंतोरा-बिलासपुर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जांजगीर पुलिस के मुताबिक यह निर्णय लगातार दुर्घटनाओं की आशंका और निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही से उत्पन्न हो रहे खतरे को देखते हुए लिया गया है। जांजगीर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में इस संबंध में लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
यातायात पुलिस ने पहले ही भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र लिखकर बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन मार्ग पर छोटे और बड़े सभी वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद करने की मांग की थी। पुलिस ने स्पष्ट किया था कि अधूरे मार्ग पर वाहनों का संचालन न केवल निर्माण कार्य में बाधा बन रहा है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है। पुलिस के पत्र पर कार्रवाई करते हुए परियोजना निदेशक ने उरगा-बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूरी तरह बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का मानना है कि इससे निर्माण कार्य सुरक्षित और निर्धारित समय पर पूरा हो सकेगा, साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
Passport Price HIke: 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना पड़ेगा महंगा, छत्तीसगढ़ में लागू होंगी नई फीस दरें
यातायात पुलिस ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का किसी भी परिस्थिति में उपयोग न करें। जब तक सड़क निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक केवल वैकल्पिक और सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। पुलिस ने यह भी बताया कि निर्माणाधीन मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पर्याप्त लाइटिंग, सीसीटीवी सर्विलांस और अन्य आपातकालीन सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाना मुश्किल हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। यह निर्णय आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






