
खदान में केबल चोरी की कोशिश, दो चोर गिरफ्तार…
कोरबा जिले के दीपका दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवरा खदान में विद्युत केबल की चोरी की कोशिश सीआईएसएफ ने विफल कर दिया। देर रात कार्रवाई करते हुए जवानों ने दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गए। गेवरा खदान के अंदर ब्रह्मपुत्र तालाब के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ जवान पहले से निगरानी कर रहे थे। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे के आसपास 6 से 7 लोग समूह में केबल को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और चोरी की घटना को होने से पहले ही रोक दिया। कार्रवाई के दौरान कृष्णा दास निवासी भिलाई बाजार और देव प्रकाश को मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान बताई। पकड़े गए आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।





