कोरबा में बड़ा हादसा: 11 केवी करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, ठेकेदार से मुआवजे की उठी मांग

Korba News : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काशी नगर बुधवारी में एक निर्माणाधीन मकान में काम करते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे सामने आई। युवक को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शहर के दादर बस्ती निवासी टीकाराम यादव (28) के रूप में हुई है। उसके भाई विकास यादव ने बताया कि, टीकाराम रोज की तरह सुबह काम पर निकला था। दो मंजिला निर्माणाधीन मकान में सरिया बिछाते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
सरिया के बिजली लाइन से टकराने के कारण टीकाराम को जोरदार झटका लगा और वह छत से नीचे गिर गया। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता भागीरथ यादव ने बताया कि, टीकाराम उनका सबसे छोटा बेटा था। घर की जिम्मेदारियों को देखते हुए उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। वह परिवार का कमाऊ सदस्य था, और उसकी मौत से परिवार के सामने बड़ी आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है।





