पार्षद गीता गभेल के बच्चे हुए हादसे का शिकार,तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मारी ठोकर, गंभीर हालत में अस्पताल दाखिल
सतपाल सिंह

पार्षद गीता गभेल के बच्चे हुए हादसे का शिकार,तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मारी ठोकर, गंभीर हालत में अस्पताल दाखिल
कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत तहसील चौक पर आज सोमवार एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक-युवती को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में युवती समेत दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायल युवक युवती की पहचान कोरबा नगर पालिका अंतर्गत वार्ड 63 विकास नगर कुसमुंडा पार्षद गीता गभेल के पुत्र शुभम और पुत्री सुहानी के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से कटघोरा की ओर आए थे, तभी तहसील चौक के पास अनियंत्रित और तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख कटघोरा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को बिना समय गंवाए तत्काल अस्पताल रवाना किया, जिससे उनकी जान बचाई जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एंबुलेंस की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारी वाहन को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तहसील चौक जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना ने यातायात सुरक्षा और वाहनों की गति सीमा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सतपाल सिंह की खबर





