अनोखी चोरी! पहले दुकान पर खाया समोसा, फिर मौके से बाइक लेकर फरार हुआ चोर, CCTV में कैद वारदात

जयपुर : शहर से चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक चोर ने पहले आराम से समोसा खाया और इसके बाद बेखौफ होकर बाइक चोरी कर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के दौरान उसने न तो मुंह ढका और न ही किसी तरह की जल्दबाजी दिखाई। यह मामला सांगानेर थाना क्षेत्र का है। यह पूरी घटना रविवार, 15 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में समोसा लेकर दुकान के अंदर आता है और शांति से उसे खाने लगता है।
इस दौरान चोर ने वहां पास मौजूद एक सफाई कर रहे आदमी से कुछ देर बातचीत भी की। इसके बाद उसने बिना घबराए इधर-उधर नजर दौड़ाई, आसमान की ओर देखा और पास में खड़ी बाइक पर बैठ गया। कुछ ही सेकंड में बाइक स्टार्ट कर वह मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यक्ति कुछ सामान खरीदने दुकान गया हुआ था, इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।





