
शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न

सोनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसमें बच्चों एवं ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता निभाई। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण ग्राम सरपंच एवं उपसरपंच द्वारा किया गया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का समूह गायन किया गया।
इस अवसर पर नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उल्लास मेला का आयोजन किया गया, जिसमें नव साक्षर शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेला के माध्यम से साक्षरता के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे ग्रामीणों ने सराहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता एवं भाषण की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं। विशेष रूप से छोटे बच्चों की नृत्य एवं गीत प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, स्वच्छता समूह के सदस्य तथा अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और विद्यालय के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विद्यालय के प्रधान पाठक अरुण कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस पर आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षक अनिल कुमार द्वारा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी में शिक्षिका अर्चना सिंह का विशेष योगदान रहा। ग्राम विकास जागरूक समिति के सदस्यों द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भेंट किए गए, जिससे कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम में सरपंच रमशिल्ला कंवर, उपसरपंच बलराम यादव, पंच संतोषी है और सूर्य देवी, प्राचार्य दयाशंकर साहू, सीएचओ हर्षप्रभा कंवर, आरएचओ संतरी कंवर, संजय कश्यप, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रमला यादव, रमेशरीन पटेल, मितानिन सुकबाई, बुधवारा, सफाई कर्मी गोपाल यादव, अघन भाई, नंदनी बाई, कौशल्या बाई, ग्राम विकास जागरूक समिति के सदस्य संतोष पटेल, रामनाथ पटेल, गणपत पटेल, ओंकार यादव, शिक्षक विनोद रजवाड़े एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से यह आयोजन सफल, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बन सका।





