IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद: डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, एयरलिफ्ट से भी नहीं बच सकी जान

Chhattisgarh IED blast: छत्तीसगढ़ से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. कांकेर–नारायणपुर सीमा क्षेत्र में डी‑माइनिंग अभियान के दौरान हुए IED विस्फोट में डीआरजी के चार बहादुर जवान शहीद हो गए. यह हादसा उस समय हुआ, जब सुरक्षाबल नक्सल प्रभावित इलाके में बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई में जुटे थे. इस घटना ने न सिर्फ सुरक्षा बलों, बल्कि पूरे प्रदेश को गहरे शोक में डाल दिया है. यह घटना कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र की है.
CG CRIME : पत्नी बनाती थी घर में शराब, पति ने रोका तो खौलते पानी से किया हमला, हालत गंभीर
जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम कांकेर–नारायणपुर सीमा पर तलाशी अभियान और बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने के लिए निकली थी. इसी दौरान जमीन में दबे IED में अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल गया और मौके पर मौजूद चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. विस्फोट के बाद घायल जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान पहले तीन जवानों ने दम तोड़ दिया.
गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्हें भी बचाया नहीं जा सका. इसके साथ ही इस घटना में शहीद जवानों की संख्या चार हो गई. इस दर्दनाक हादसे में डीआरजी प्रभारी सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले और कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम शहीद हुए. सभी जवान नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चलाकर प्रदेश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे थे.






