स्कूल में बंदूक लेकर घुसा शख्स…:क्लास में बच्चों को बंधक बनाकर डराने लगा, पुलिस ने दबोचा

पश्चिम बंगाल के स्कूल में बुधवार को एक शख्स बंदूक लेकर घुस गया। इसके बाद वह 7वीं क्लास में गया और बच्चों को बंधक बनाकर डराने लगा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। घटना मालदा के मुचिया आंचल चंद्रा मोहन हाई स्कूल की है।

इसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक शख्स बंदूक लेकर क्लास रूम में खड़ा हुआ है। वह बच्चों से कुछ कह रहा है। बच्चे भी उसे देखकर डरकर बैठे हुए हैं। इतने में ही पुलिस के साथ कुछ लोग धीरे से क्लास में आए और शख्स को दबोच लिया। उसकी बंदूक छुड़ा ली।

पेरेंट बताकर क्लास में एंट्री ली थी, फिर बच्चों को डराने लगा
पुलिस ने बताया कि शख्स बंदूक लेकर क्लास में घुसा और पेपर पढ़ने लगा। उसने धमकी भी दी की वह बंदूक चला देगा। स्कूल प्रशासन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और शख्स को पकड़ लिया। उसके पास से कुछ बोतलें भी बरामद की गई हैं, दावा किया जा रहा है कि ये पेट्रोल बम थे।

वहीं स्कूल टीचर ने बताया कि शख्स ने स्टूडेंट के पेरेंट्स बताकर क्लास में एंट्री ली और अचानक बंदूक लहराते हुए उन्हें एक कोने में बैठने के लिए कहा। इसके बाद उसने उन्हें और स्टूडेंट्स को चुपचाप बैठने की धमकी दी।

शख्स बोला-पुलिस पत्नी बच्चे का पता नहीं लगा रही इसलिए ऐसा किया
पुलिस ने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि शख्स मेंटली ठीक नहीं है। पूछताछ के दौरान शख्स ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उसके बेटे को उठा ले गई है। प्रशासन उसके लापता बच्चे और पत्नी का पता नहीं लगा पा रहा है, इसलिए उसने ऐसा किया। उसने दावा किया कि उसका बच्चा इसी स्कूल का स्टूडेंट है।

वह शिकायत करने के लिए पुलिस और कई अधिकारियों के पास गया, लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली। हालांकि मालदा पुलिस ने शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *