*शासकीय हाई स्कूल परसदा खुर्द में ‘स्वच्छता ही सेवा’, ई-वेस्ट मैनेजमेंट एवं ज्ञान-विज्ञान क्विज़ का हुआ आयोजन*
*मतदाता जागरूकता रैली निकाल विद्यार्थियों सहित समाज कों किया जागरूक*


जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर
सक्ती,, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे के दिशा-निर्देशानुसार आज दिनांक 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को शासकीय हाई स्कूल परसदा खुर्द के सभागार में ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं वेस्ट मैनेजमेंट अभियान के अंतर्गत विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं जागरूक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। संस्था की प्राचार्य श्रीमती कमला दपी गवेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, पर्यावरण चेतना एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के 16 प्रतिभागी छात्रों ने क्विज़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
बहुविषयक क्विज़ एवं वेस्ट मैनेजमेंट एक्टिविटी
प्रतियोगिता के अंतर्गत विज्ञान, गणित, सामाजिक अध्ययन, कंप्यूटर, हिंदी, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के साथ-साथ ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) प्रबंधन, सूखा व गीला कचरा पृथक्कीकरण तथा बायोमेडिकल कचरे के निष्पादन पर आधारित प्रश्न पूछे गए। क्विज़ के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पुराने कंप्यूटर, मोबाइल व बैटरी जैसे ई-वेस्ट का सही निस्तारण पर्यावरण संरक्षण के लिए कितना आवश्यक है। इसके साथ ही वेस्ट मैनेजमेंट एक्टिविटी के तहत प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अन्य छात्र-छात्राओं को कचरे के सही प्रबंधन और नीले व हरे कचरे के डिब्बों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालयीन कार्यक्रम पश्चात ग्राम पंचायत परसदा खुर्द के पंचायत भवन में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहाँ उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों द्वारा संयुक्त रूप से जन जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस रैली का मुख्य आकर्षण मतदाता जागरूकता अभियान रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रेरक नारे व रोचक गतिविधियों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस अवसर पर संस्था के व्याख्याता राजेंद्र बेहरा, लक्ष्मी नारायण क्षत्री, श्रीमती विनीता राठौर, सुरेंद्र कुमार साहू, सुरेंद्र कुमार सिदार, रूपसिंह राठिया, कुमारी मंजू चौहान तथा विद्यालय के बाल प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस मौके पर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकों सहित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी आयोजन में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर
प्राचार्य श्रीमती कमला दपी गवेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है, बल्कि समाज में स्वच्छता और मतदान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक संदेश भी जाता है।





