अरपा तट पर आस्था का विराट अनुष्ठान, सवा लाख पार्थिव शिवलिंग से गूंजा

बिलासपुर। तोरवा स्थित अरपा नदी तट के छठ घाट सामुदायिक भवन में रविवार को आस्था, भक्ति और शिव आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। मिथिलांगन कल्याण समिति बिलासपुर के तत्वावधान में एक दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन अनुष्ठान संपन्न हुआ। श्रद्धालु भक्तों ने श्रद्धा और संकल्प के साथ सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधानपूर्वक भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। वातावरण शिवमय बना रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार मिट्टी से निर्मित पार्थिव शिवलिंग की पूजा भगवान शिव की आराधना का अत्यंत पुण्यदायी स्वरूप मानी जाती है। शिवपुराण सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं में पार्थिव लिंग पूजन का विशेष महत्व बताया गया है। श्रद्धा से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और उसका विधिवत पूजन करने से मनोकामना पूर्ति, आध्यात्मिक शांति तथा भगवान शिव की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है। इसी भाव के साथ तोरवा के अरपा तट पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सवा लाख पार्थिव शिवलिंग तैयार किए। पूजन अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, भगवान शिव के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी प्रवीण झा सपरिवार ने सहभागिता निभाई। आयोजन में मिथिला समाज से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने उपस्थित होकर शिव आराधना की। अरपा नदी के पावन तट पर संपन्न इस अनुष्ठान ने धार्मिक एकजुटता और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया।







