CG Crime : भाजपा नेता और वकील के घर पर अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, परिवार ने समय रहते बचाई जान
अज्ञात हमलावर ने देर रात भाजपा नेता और वकील आशुतोष मिश्रा के घर में आग लगाने का प्रयास किया, परिवार की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : जिले के गौरेला नगर के मंगली बाजार क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने भाजपा नेता और पेशे से वकील के घर के दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार मंगली बाजार निवासी भाजपा नेता एवं अधिवक्ता आशुतोष मिश्रा के घर के मुख्य दरवाजे पर देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग की लपटें उठती देख घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को घटना की भनक लगी। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और घर में मौजूद पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सामूहिक प्रयास से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस आगजनी में घर का दरवाजा, चौखट और पर्दा जलकर खाक हो गया। हालांकि घटना में भाजपा नेता और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि अगर आग दरवाजे से अंदर कमरे में खड़ी बाइक तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
CG News : शादी के बाद ही दूल्हा-दुल्हन को बातचीत की अनुमति! समाज ने लागू किया नया कानून
घटना के बाद जब परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दिया। वहीं घर के चबूतरे में पत्थर के नीचे एक धमकी भरा पत्र मिलने की भी जानकारी सामने आई है। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद मंगली बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






